मुंबई में दिखा चक्रवात निसर्ग का तांडव, कहीं गिरे पेड़-कहीं उड़ गई छत

मुंबई। चक्रवात निसर्ग 120 किमी/घंटे की रफ्तार के साथ अलीबाग तट से टकरा गया है। इसी के साथ समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। तेज हवाओं की वजह से कहीं पेड़ उखड़ रहे हैं तो कहीं पर छतें हिल जा रही हैं। तूफान के असर की वजह से तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। तूफान के टकराने के बाद हवाओं की गति कुछ कम हुई है। अब 100 से 120 किमी/घंटे की रफ्तार से यह मुंबई की ओर बढ़ रहा है। वहीं समुद्र में तेज लहर के चलते रत्नागिरी में जहाज में फंस गया। बीएमसी ने लोगों से घर पर रहने की अपील करके हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। चक्रवात निसर्ग के कारण हवाएं 100 से 110 किमी/घंटे की रफ्तार से बह रही हैं। इसी के साथ अब अगले तीन घंटे में यह मुंबई और ठाणे से होकर गुजरेगा। उधर, गुजरात के द्वारका में समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। मुंबई के बाद तूफान गुजरात की तरफ बढ़ेगा। तूफान के चलते दक्षिण अलीबाग में मोबाइल नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। अलीबाग में कई जगह पेड़ टूटने की खबरें आई हैं। बेहद तेज हवाओं के कारण महाराष्ट्र के अलीबाग में सैकड़ों पेड़ गिर गए हैं। चक्रवाती तूफान निसर्ग अलीबाग के तट से ही टकराया है। मुंबई के तटीय इलाकों से लोगों को हटा दिया गया है। तूफान के मद्देनजर मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर ट्रैफिक की आवाजाही रोक दी गई है। मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड के आने की आशंका जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार रात 9:48 बजे मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी दी गई है।