कोरोना वायरस का खौफ : जापान के डायमंड प्रिंसेज जहाज में कैद साढ़े 3 हजार जिंदगियां

टोक्यो। जापान में कोरोना वायरस के फैलने के भय से बंदरगाह पर 'डायमंड प्रिंसेज' नामक एक क्रूज को अलग किया गया है। कोरोना के कहर का आलम यह है कि जहाज पर हजारों लोगों को 14 दिनों के लिए कैद कर दिया गया है। बता दें कि क्रूज पर करीब 3700 यात्री सवार हैं, जो करीब 14 दिन तक नौका पर ही रहेंगे। दरअसल जापान ने यह कदम क्रूज में 80 वर्षीय एक व्यक्ति के वायरस से पीड़ित पाए जाने के बाद उठाया गया है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। जापान के अधिकारी 'डायमंड प्रिंसेज' क्रूज पर सवार यात्रियों में से अब तक 273 लोगों के नमूनों की जांच कर चुके हैं। इसके साथ ही क्रूज पर सवार लोगों में से कुल 61 के करॉना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वहीं जहाज पर मौजूद बाकी लोग काफी दहशत में हैं। जापान के इस जहाज पर कड़ी निगरानी और जांच की जा रही है। जिन लोगों को करॉना से संक्रमित पाया गया है उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। बता दें कि वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने करॉना को ग्लोबल इमरजेंसी घोषित कर दिया है। दुनिया भर के कई देशों में करॉना से संक्रमित मामले मिल रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहले इटली के रोम में भी एक जहाज को उस समय रोक दिया गया था जब एक यात्री में करॉना के लक्षण पाए गए थे।