नई दिल्ली,एजेंसी। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी हैमतदान प्रातः आठ बजे प्रारंभ हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह 12 बजे तक 15.69 फीसदी वोटिंग हुई। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों के अलावा पर्याप्त संख्या में अन्य कर्मचारियों को तैनात किए जाने के साथ ही पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डॉ सिंह के अनुसार मतदान निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए 1000024 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा इंतजामों में दिल्ली पुलिस के 38 हजार 874 और होम गार्ड के 19 हजार जवान तैनात किए गये हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में अधसैनिक सुरक्षा बल के जवान भी तैनात किए गए हैं। कुल 70 सीटों के लिए 672 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं जिनमें से 132 मतदाता 100 या इससे अधिक आयु के हैं। वयोवृद्ध मतदाताओं को 'वीआईपी' मतदाता के रूप में वोट डालने की सुविधा मुहैया कराई गयी है। वयोवृद्ध मतदाताओं में 68 पुरुष और 64 महिला मतदाता हैं। सबसे वृद्ध मतदाता ग्रेटर कैलाश की चितरंजन पार्क निवासी 110 वर्षीय महिला कालीतारा मंडल हैं। कुल मतदाताओं में पुरुषों की संख्या 81 लाख पांच हजार 236 और महिला मतदाताओं की संख्या 66 लाख 80 हजार 277 हैं। किन्नर मतदाता 869 हैं। सभी मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र जारी किए गए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 67 और कांग्रेस ने 66 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड और चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ समझौता है। कांग्रेस का लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन है। मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाजपार्टी (बसपा) ने 68 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्कसवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने तीन-तीन उम्मीदवार उतारे हैं। शरद पवार के नेतृत्व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पंजीकृत राजनीतिक दलों के 243 और 148 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। सबसे कम मतदाता चांदनी चौक में एक लाख 25 हजार 684 और सर्वाधिक मटियाला में चार लाख 23 हजार 682 हैं। सबसे कम क्षेत्र वाली विधानसभा सीट बल्लीमारान 2.50 वर्ग किलोमीटर और सर्वाधिक क्षेत्रफल वाली नरेला 143.42 वर्ग किलोमीटर है। नई दिल्ली सीट जहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं, सबसे अधिक 28 उम्मीदवार हैं। केजरीवाल की मुख्य टक्कर भाजपा के सुनील यादव और कांग्रेस के रमेश सभरवाल से है। सबसे कम चार प्रत्याशी पटेल नगर सीट से हैं। दिल्ली मेट्रो और दिल्ली परिवहन निगम ने मतदान कर्मियों और मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थायें की हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी जिसके लिए 27 जगहों पर मतगणना केंद्र बनाये गए हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनावः 70 सीटों के लिए मतदान जारी 12 बजे तक 15.69 फीसदी वोटिंग