उमरिया जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह की कार्रवाई भाजपा विधायक संजय पाठक का रिसॉर्ट तोड़ा

 भोपाल। प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच उमरिया जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री संजय पाठक के बांधवगढ़ स्थित रिसॉर्ट के अतिक्रमण वाला हिस्सा तोड़ दिया है। कलेक्टर एवं एसपी ने आज सुबह मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर चलवाया। इससे पहले जबलपुर कलेक्टर संजय पाठक की सिहोरा स्थित खदान को सील कर चुका है। अन्य दो खदानों को बंद करने की तैयारी है। इससे पहले भाजपा विधायक संजय पाठक बयान जारी कर खुद की जान को खतरा बता चुके हैं। बांधवगढ़ स्थित रिसोर्ट में 2 एकड एरिया में अतिक्रमण कर निर्माण कराया गया है। उमरिया प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। इस दौरान कलेक्टर स्वरुचि सोमवंशी भी मौके पर मौजूद रहीं। मप्र भाजपा की ओर से इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया जा रहा है। प्रदेश की राजनीति में इस समय जो चल रहा है उसमें भाजपा विधायक संजय पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी हॉर्स ट्रेडिंग के 5 जिम्मेदार नेताओं में संजय पाठक को भी बताया है। चर्चा है कि पाठक के चार्टर्ड प्लेन से कांग्रेस विधायक दिल्ली भेजे गए थे। पाठक का कहना था कि मैं भाजपा में ही हूं। जिस तरह से सरकार उनके खिलाफ काम कर रही है उससे उनकी जान को खतरा है। पाठक के इस ट्वीट के बाद शनिवार सुबह प्रशासन ने उनके रिजॉर्ट का एक हिस्सा ढहा दिया। मप्र की भाजपा सरकार में मंत्री रहे विधायक संजय पाठक की निर्मला मिनरल्स के नाम से जबलपुर के सिहोरा क्षेत्र में अगरिया और दबियारा में आयरन की दो खदानें हैं। इन खदानों को जून 2019 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जबलपुर कलेक्टर ने चालू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन 6 महीने में अभ्यावेदन के साथ ही सारे कागजात जमा करने की शर्त लगाई थी।